भोपाल, डेस्क रिपोर्ट। मध्य प्रदेश में पहली बार गोवर्धन पूजा (MP Goverdhan Puja) पर्यावरण संरक्षण के सन्देश के साथ सार्वजानिक रूप से मनाई गई। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (CM Shivraj Singh Chauhan ) पत्नी साधना सिंह के साथ इसमें शामिल हुए। कार्यक्रम में कई पर्यावरणविद, पर्यावरण प्रेमी और अन्य अतिथि शामिल हुए। सीएम शिवराज ने कहा कि गोवर्धन पूजा में पर्यावरण संरक्षण का संदेश निहित है। पर्यावरण बचेगा, तो यह धरती और इस पर जीवन बचेगा।
सीएम शिवराज ने कहा कि भगवान श्री कृष्ण ने गोवर्धन पूजा के माध्यम से प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया है। यह भारत ही नहीं, विश्व के लिए भी कल्याणकारी है। पर्यावरण को बचाइये, जीवन आनंददायी और सुखद होगा। भारत में प्रकृति की पूजा का विधान है। विश्व आज प्रकृति संरक्षण को लेकर जागरुक हुआ है, जबकि भारत ने गोवर्धन पूजा के रूप में सैकड़ों साल पहले ही यह संदेश दे दिया था।