ग्वालियर, अतुल सक्सेना। आम आदमी पार्टी (AAP) की प्रदेश उपाध्यक्ष मनीक्षा सिंह तोमर को प्रदर्शन ज्ञापन के दौरान “चल हट, यू शटअप नॉनसेंस लेडी” कहने वाले SDM सीबी प्रसाद की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। आम आदमी पार्टी (AAP Gwalior) ने अभद्रता के खिलाफ फूलबाग चौराहे पर आज सांकेतिक धरना दिया और कहा कि हम गांधी को मानते हैं तो भगत सिंह को भी मानते हैं। इसलिए 48 घंटे में महिला नेत्री से अभद्रता करने वाले SDM सीबी प्रसाद माफी मांगें वर्ना पार्टी उनका मुंह काला करेगी।
बुधवार को आम आदमी पार्टी ने प्रदेश उपाध्यक्ष मनीक्षा सिंह तोमर के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया था। इसी दौरान ज्ञापन देने के मामले में पार्टी कार्यकर्ताओं और SDM सीबी प्रसाद के बिच विवाद हो गया। आम आदमी पार्टी की कलेक्टर को ही ज्ञापन देने की जिद पर SDM सीबी प्रसाद मनीक्षा सिंह तोमर पर भड़क गए और चिल्लाते हुए अंदर जाने लगे। लेकिन फिर पलट कर आये और मनीक्षा सिंह तोमर से कहने लगे, चल हट यहाँ से , मनीक्षा ने उनसे शटअप कहा तो वे बोले यू शटअप नॉनसेंस लेडी।