MP Youth Congress 23 official terminated : मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस के 23 पदाधिकारियों को बर्खास्त कर दिया गया है। इनमें 3 प्रदेश सचिव और 1 जिला अध्यक्ष सहित 19 विधानसभा अध्यक्ष शामिल हैं। मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष विक्रांत भूरिया ने संगठन के राष्ट्रीय नेतृत्व की सहमति से ये आदेश जारी किया है। इसी के साथ चेतावनी दी गई है कि जो लोग अपने काम में लापरवाही बरतेंगे या निष्क्रिय रहेंगे, भविष्य में उनपर भी ऐसी कार्रवाई की जाएगी।
कांग्रेस में बड़ी सर्जरी
विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस संगठन ने एक बड़ी सर्जरी करते हुए उन पदाधिकारियों को कार्यमुक्त कर दिया है, जो लंबे समय से निष्क्रिय थे। भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं मध्यप्रदेश प्रभारी अखिलेश यादव, राष्ट्रीय सचिव एवं सह प्रभारी मध्य प्रदेश पराग शर्मा, राजीव पटनाइक, मानसिंह राठौर और नईम प्रधान से चर्चा के बाद ये आदेश जारी कर दिया गया है। इसमें कहा गया है कि संगठन के प्रति उदासीनता और कार्यक्रमों के सुचारू रूप से क्रियान्वयन न करने तथा लापरवाही के कारण तत्काल प्रभाव से दायित्व से पदमुक्त किया जाता है। इसी के साथ बाकियों को भी चेतावनी दी गई है कि जो संगठन के मानदंडों पर खरे नहीं उतरेंगे, भविष्य में उनपर भी ऐसी कार्रवाई की जाएगी।