Viral Video : संसार चलाने के लिए हवा, पानी, भोजन के अलावा इंसानियत भी बहुत जरुरी है। जब तक मनुष्यता बची है, ये संसार सुंदर बना हुआ है। और मनुष्यता का अभिप्राय केवल मानव मात्र के प्रति सह्रदय होना नहीं है बल्कि संसार के हर जीव के लिए करूणा भाव होना चाहिए। दुनिया में सिर्फ मनुष्य नहीं है, तरह तरह के प्राणी है और चूंकि हम सबसे विकसित नस्ल है इसलिए हमारी जिम्मेदारी बनती है कि उनकी सुरक्षा करें और प्रकृति से उनका हिस्सा न छीने।
कई बार हमारे सामने कुछ ऐसे दृश्य आते हैं जो इस बात पर यकीन पुख्ता कर देते हैं कि आज भी दुनिया अच्छे लोगों से भरी हुई है। एक ऐसा ही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक शख्स ने कबूतर की जान बचाने के लिए खुद को खतरे में डाल दिया। जानकारी के मुताबिक ये वीडियो बेंगलुरु का है जहां एक कबूतर होर्डिंग्स में फंसा हुआ था। ये देखकर ट्रैफिक पुलिसकर्मी ऊंचे होर्डिंग पर चढ़ जाता है। कबूतर को सुरक्षित निकालने के लिए उसने अपनी जान दांव पर लगा दी।