कटनी, अभिषेक दुबे। कटनी जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने कांग्रेस नेता और कटनी के पूर्व मेयर विजेंद्र मिश्रा की पारिवारिक फर्मो पर छापामार कार्यवाही करते हुए वहां से कई हजार लीटर केरोसीन जब्त किया है। छापामार टीम को एक ही नंबर की दो बसें भी मिली जिन्हें जब्त कर लिया गया। कलेक्टर ने पुलिस को एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए है साथ ही अन्य सम्बंधित विभागों को इन मामलों में कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मामले की पूरी जानकारी पुलिस अधीक्षक सुनील जैन ने मीडिया से बात करके दी।
जानकारी के मुताबिक कटनी के प्रथम महापौर विजेंद्र मिश्र उर्फ राजा भैया के पारिवारिक फर्म पर जिला प्रशासन की सयुंक्त टीम ने रात करीब 1 बजे छापा मार कार्यवाही की। टीम ने उनके पहरुआ स्थित केरोसीन डिपो, पम्प एवं बस डिपो पर छापा मारा। यहाँ टीम को एक ही नम्बर की दो बसें तो मिली ही वहीं पम्प में बायो डीजल, केरोसीन का स्टॉक से अधिक भंडारण मिला।