नई दिल्ली, डेस्क रिपोर्ट। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) को चुनौती देते हुए एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि यदि भाजपा में दम है, हिम्मत है तो एमसीडी (MCD) के चुनाव टाइम पर करा कर दिखाए और जीत कर दिखाए हम राजनीति छोड़ देंगे।
दिल्ली नगर निगम यानि एमसीडी के चुनाव टाले जाने के बाद से दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भाजपा पर आग बबूला हैं। वे लगातार आरोप लगा रहे हैं कि अपनी हार से घबराकर भाजपा दिल्ली नगर निगम के चुनाव को टाल रही है।
केंद्रीय कैबिनेट द्वारा दिल्ली की तीनों नगर निगमों को एक करने वाले विधेयक को मंजूरी दिए जाने के अगले ही दिन आज अरविंद केजरीवाल ने भारतीय जनता पार्टी को खुली चुनौती दी। उन्होंने दिल्ली विधानसभा के बाहर मीडिया से बात करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी खुद को दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी कहती है और दिल्ली की एक छोटी सी पार्टी से घबरा गए हैं।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि इतनी बड़ी पार्टी दिल्ली के छोटे से चुनाव से घबरा गई। वह क्या हिम्मत है ? उन्होंने कहा कि मैं चुनौती देता हूँ भाजपा को, कि यदि हिम्मत है तो एमसीसी के चुनाव टाइम पर करा कर दिखा दो और जीत कर दिखा दो हम राजनीति छोड़ देंगे।
केजरीवाल ने कहा – भाजपा का दिल्ली नगर निगम के चुनाव टालना शहीदों का अपमान है जिन्होंने अंग्रेजों को देश से भगाकर देश में जनतंत्र स्थापित करने के लिए कुरबानियाँ दीं थीं। आज ये हार के डर से दिल्ली नगर निगम के चुनाव टाल रहे हैं, कल ये राज्यों और देश के चुनाव टाल देंगे।