Kanatal Hill station: भारत में कई खूबसूरत हिल डेस्टिनेशंस मौजूद है। यहां की खूबसूरती का दीदार करने के लिए दूर-दूर से पर्यटक पहुंचते हैं। आज हम आपको एक ऐसे हिल स्टेशन के बारे में बताते है जिसके बारे में जानने के बाद आप नैनीताल की खूबसूरती को भी भूल जाएंगे।
उत्तराखंड तो वैसे भी प्राकृतिक खूबसूरती से भरा हुआ राज्य है। यहीं पर मौजूद है छोटा सा हिल स्टेशन कनाताल, जिसकी खूबसूरती पर्यटकों को दीवाना बना देती है। सर्दी हो या फिर गर्मी यहां की हसीन वादियां पर्यटकों का मन मोह लेती है। धीरे धीरे ये जगह काफी फेमस हो गई है।
देहरादून से 78 किलोमीटर, चंबा से 12 किमी और मसूरी से 38 किलोमीटर दूर उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में कनाताल एक छोटा सा गांव है। चारों तरफ से हरियाली और जंगलों से घिरी ये जगह बहुत ही खूबसूरत है। समुद्र तल से इस जगह की ऊंचाई 2590 मीटर है। यहां नजर आने वाले मनमोहक नजारे जिंदगी भर के लिए पर्यटक उनकी आंखों और दिल में उतर जाते हैं।
कनाताल हिल स्टेशन पर कई तरह की एडवेंचर एक्टिविटीज की जा सकती है। यहां पर कैंपिंग का आनंद लेने के साथ सर्दियों के मौसम में शानदार बर्फबारी का मजा लिया जा सकता है। यहां पर पहाड़, घाटियां, झरने, जंगल और खूबसूरत नदियां हैं जो पर्यटकों को आकर्षित करती है। जंगल में घूमने के लिए यहां जीप सफारी भी मौजूद है। दोस्तों के साथ इस जगह पर बोनफायर और कैंपिंग की जा सकती है। स्टारगेजिंग नाइट का नजारा लेने के लिए भी ये बहुत खूबसूरत जगह है।
कनाताल में है वॉच टावर
कनाताल की पहाड़ी पर एक ऐसा वॉच टावर है जहां से उत्तराखंड के मनमोहक और प्रसिद्ध पर्वत शिखर को देखा जा सकता है। हिमालय की चोटी यहां से बहुत ही खूबसूरत दिखाई पड़ती है। एक छोटे से ट्रेक सफर का आनंद लेकर इस वॉच टावर पर पहुंचा जा सकता है। इस जगह से हिमालय का बहुत ही खूबसूरत बंदर पुच पीक भी नजर आता है। अगर आप जंगल की खूबसूरती को पास से महसूस करना चाहते हैं तो यहां पर बांबू से बनाए गए रिसॉर्ट है जहां पर रात को ठहरा जा सकता है।
कनाताल जाने का सबसे अच्छा समय
अगर आप कनाताल हिल स्टेशन घूमने के लिए जाना चाहते हैं तो मार्च से जून के बीच का समय सबसे अच्छा होता है। इस समय मौसम साफ होता है और यहां से हिमालय के नजारे बहुत खूबसूरत दिखाई देते हैं। इस समय में भी यहां पर ठंड होती है इसलिए अपने साथ गर्म कपड़े ले जाना बिल्कुल भी ना भूलें। यहां पर तापमान पूरे साल कम ही रहता है और ठंड बनी रहती है। सितंबर से ठंड बढ़ जाती है और दिसंबर में बर्फबारी का मौसम शुरू हो जाता है। रात के समय में कई बार यहां तापमान माइनस में पहुंच जाता है।
कनाताल में घूमने की जगह
सुरकंडा देवी मंदिर: कनाताल से 10 किलोमीटर दूर है मंदिर समुद्र तल से 2756 मीटर की ऊंचाई पर है। यहां से हिमालय की पर्वत श्रृंखला को करीब से देखा और महसूस किया जा सकता है। देवी सुरकंडा का ये मंदिर बहुत ही खूबसूरत बना हुआ है और काफी प्रसिद्ध है।
कौड़िया के जंगल: ये जगह कनाताल के प्रसिद्ध पर्यटक स्थलों में शुमार है। लोग इसके बारे में ज्यादा नहीं जानते हैं लेकिन ये एक 6 किलोमीटर का खूबसूरत ट्रेक है जो कौड़ियां के जंगलों से होकर गुजरता है। यहां लगे देवदार के पेड़ आपको असीम शांति का अनुभव कराते है। इस जगह के बारे में ज्यादा लोगों को जानकारी ना होने से ये काफी साफ सुथरी है और शांति से भरी हुई है। इस जगह पर पैदल भी जाया जा सकता है और जीप से भी पहुंचा जा सकता है। लेकिन खूबसूरत जंगल का पैदल सफर आपको रोमांचकारी अनुभव देगा।
About Author
Diksha Bhanupriy
"पत्रकारिता का मुख्य काम है, लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को संदर्भ के साथ इस तरह रखना कि हम उसका इस्तेमाल मनुष्य की स्थिति सुधारने में कर सकें।” इसी उद्देश्य के साथ मैं पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
मैं कॉपी राइटिंग, वेब कॉन्टेंट राइटिंग करना जानती हूं। मेरे पसंदीदा विषय दैनिक अपडेट, मनोरंजन और जीवनशैली समेत अन्य विषयों से संबंधित है।