Male orangutan Rudi Valentino passed away : उत्तरी अमेरिका का सबसे बुजुर्ग नर ओरंगुटान रूडी वैलेंटिनो (Rudi Valentino) का निधन हो गया है। 45 साल के रूडी ने 21 दिसंबर 2022 को आखिरी सांस ली। दिसंबर के शुरुआत में ही उसका 45वां जन्मदिन मनाया गया था। कुछ समय पहले उसपर एक डॉक्यूमेंट्री भी बनाई गई थी। ह्यूस्टन चिड़ियाघर की प्रवक्ता जेसिका रीस ने बताया कि वो पिछले कुछ समय से बीमार चल रहा था।
जेसिका रीस ने कहा कि रूडी को दिल की बीमारी थी और इसके लिए उसे दवाइयां भी दी जा रही थी। मौत से पहले उसका व्यवहार सामान्य था। वो अपने बाड़े से बाहर आया और रोजमर्रा की तरह लोगों से संवाद भी किया। लेकिन चिड़ियाघर बंद करते समय कर्मचारियों ने देखा कि उसके शरीर में किसी प्रकार की हलचल नहीं है। बता दें कि रूडी का जन्म 8 दिसंबर 1977 को टेक्सास के ब्राउन्सविले स्थित ग्लैडीज पोर्टर चिड़ियाघर में हुआ था और वो फिलहाल अपनी 42 वर्षीय मादा केली के साथ रहता था। रूडी को ओरंगुटानों का ब्रांड एंबेसडर भी बनाया गया था।