Google Doodle On Independence Day : आज हम अपना 77वां स्वतंत्रता दिवस मना रहे हैं। देशभर में उमंग और उत्साह का माहौल है। भारत की आजादी के इस खास दिन पर सर्च इंजन गूगल भी डूडल बनाकर इस जश्न में शामिल हुआ है। इस डूडल में भारत के अलग अलग राज्यों के टेस्क्सटाइल डिजाइन बनाए गए हैं और देश की समृद्द कपड़ा विरासत को दर्शाया गया है। विशेष बात ये कि इस डूडल को दिल्ली की कलाकार नम्रता कुमार ने डिजाइन किया है।
हमारी आजादी के 76 साल पूरे हो चुके हैं और अपनी समृद्धशाली परंपरा और विरासत को थामे हुए हम निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहे हैं। इस बार स्वतंत्रता दिवस की थीम ‘राष्ट्र पहले, हमेशा पहले’ है। इस थीम का उद्देश्य इस बात को प्रतिपादित करना है कि राष्ट्र ही सर्वोपरि है और हम भारतीय अपनी एकजुटता के साथ अपने देश को सबसे अव्वल रखेंगे। आजादी के इस सफर में हम नई तकनीक के साथ लगातार आधुनिक युग में बढ़े जा रहे हैं लेकिन इसी के साथ अपने ऐतिहासिक वैभव और विरासत को भी सहेजे हुए हैं।